
औरंगाबाद/मुंबई सरहद पर हमारे देश की रक्षा के लिए सेना के जवान अपने प्राणों को कुर्बान कर देते हैं। मातृभूमि की बलिवेदी पर अपने खून का कतरा न्यौछावर कर वे हमें महफूज रखते हैं। लेकिन किसी शहीद के परिवार के लिए जिंदगी कभी आसान नहीं होती। तमाम दुश्वारियों से जूझना पड़ता है। महाराष्ट्र में एक शहीद की मां को इलाज के लिए जब मुश्किल आई तो एक डॉक्टर मानो देवदूत बन गया। डॉक्टर ने शहीद की मां का मुफ्त इलाज किया। अब धरती के इस 'भगवान' की चौतरफा तारीफ हो रही है। महाराष्ट्र के औरंगाबाद में एक डॉक्टर ने शहीद की मां की मुफ्त सर्जरी की। डॉक्टर अल्ताफ शेख का एक मार्मिक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में इलाज के बाद डिस्चार्ज हो रही शहीद की मां को वह गले लगा लेते हैं। शहीद की मां भी उनको दुआ देती हुई नजर आ रही हैं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो रहा है। महाराष्ट्र के पीडब्ल्यूडी मिनिस्टर अशोक चव्हाण ने भी इस दिल छू लेने वाले वीडियो को ट्वीट किया है। कांग्रेस नेता और कैबिनेट मंत्री अशोक चव्हाण का कहना है कि जब उन्हें इस नेक काम के बारे में पता चला तो उन्होंने डॉक्टर को बुलाकर उनकी संवेदनशीलता के लिए भरपूर प्रशंसा की। अशोक चव्हाण ने ट्वीट में लिखा है, 'औरंगाबाद के डॉक्टर अल्ताफ एक बुजुर्ग महिला का इलाज कर रहे थे। जब उन्हें पता चला कि महिला एक शहीद की मां है तो डॉक्टर ने फीस माफ कर दी और मुफ्त इलाज किया। इस नेकनीयती को देखकर मैंने डॉक्टर अल्ताफ को निजी रूप से बुलाया। मैंने देश की सेवा करने वाले नायकों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सेवा के लिए शुक्रिया अदा किया।' डॉक्टर अल्ताफ शेख एक मल्टिस्पेशिऐलिटी हॉस्पिटल में यूरो सर्जन हैं। उनका कहना है कि बुजुर्ग शांताबाई सुराड जालना जिले के पारड़ कस्बे की रहने वाली हैं। वह बेहद गरीब हैं और किडनी में पथरी की वजह से काफी पीड़ा झेल रही थीं। डॉक्टर ने बताया, 'उनको अपनी सर्जरी के लिए पैसे की तुरंत जरूरत थी। उनके एक बेटे की हार्ट अटैक से मौत हो चुकी है, जबकि दूसरा बेटा जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में सात साल पहले शहीद हो गया था। मैंने अस्पताल मैनेजमेंट से बात की कि क्या उनका मुफ्त इलाज किया जा सकता है।' डॉक्टर अल्ताफ ने बताया कि शहीद बेटे की पेंशन उनकी पत्नी के पास आती है, लिहाजा बुजुर्ग मां के पास आमदनी का कोई जरिया नहीं है। अस्पताल से डिस्चार्ज होते वक्त वह काफी इमोशनल थीं और हम सभी उनको विदाई देते हुए रो पड़े।
from Maharashtra City News in Hindi, Maharashtra News, महाराष्ट्र समाचार, महाराष्ट्र खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3efoxg8
No comments:
Post a Comment